
जबलपुर। शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी, जबलपुर द्वारा आयोजित भारतीय संविधान और सामाजिक न्याय विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह मानस भवन, जबलपुर में सम्पन्न हुआ। गत 6 सप्ताह तक चली इस प्रतियोगिता में हज़ारों विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता लाना तथा सामाजिक न्याय, समानता और एकता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत निबंध और चित्रों की गुणवत्ता ने यह स्पष्ट किया कि भारत का भविष्य जागरूक और प्रतिभाशाली हाथों में सुरक्षित है। विजेताओं को निबंध प्रतियोगिता में लैपटॉप, एंड्रॉइड मोबाइल और टैबलेट प्रदान किए गए। चित्रकला प्रतियोगिता में नकद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह वितरित किए गए। सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार और प्रमाण पत्र भी दिए गए। समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव चंदन यादव, एआईसीसी की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक, पूर्व मंत्री एवं विधायक लखन घनघोरिया, तथा पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोट रहे। शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी, जबलपुर के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी और अभिभावकों एवं आम जनता का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रम को सफल बनाया।
नेता प्रतिपक्ष ने दी 1.5 लाख की अतिरिक्त नकद राशि
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए पुरस्कार राशि को और बढ़ाने की घोषणा की। उन्होंने अपनी ओर से 1.5 लाख रुपए से अधिक की अतिरिक्त नकद राशि बच्चों को प्रदान करने का संकल्प लिया। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
