इंदौर: बड़गोंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एबी रोड पर घेराबंदी कर शराब से भरी एक लोडिंग गाड़ी जब्त की है. हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी चालक और उसके साथी मौके से फरार हो गए.थाना प्रभारी प्रकाश वासकले ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लोडिंग वाहन में अवैध शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है. इस पर पुलिस टीम ने नांदेड और थवलाय के बीच यात्री प्रतीक्षालय के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की.
कुछ देर बाद बताए हुलिए का तेज रफ्तार वाहन आते दिखाई दिया. पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी देखकर आरोपियों ने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों और झाड़ियों की ओर भाग निकले. पुलिस ने लावारिस खड़ी अशोक लेलैंड लोडिंग गाड़ी की तलाशी ली, जिसमें 53 पेटी बीयर और 10 पेटी व्हिस्की सहित 63 पेटी अवैध शराब मिली. पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर लिया है, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी गई है. पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है
