निंगबो, 14 सितंबर (वार्ता) एक ऐसे फाइनल में जहां चीन की नई सनसनी पेंग शिनलु ने विश्व रिकॉर्ड तोड़ा, भारत की मेघना सज्जनार ने आठ साल बाद अपना पहला विश्व फाइनल खेलते हुए महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में कांस्य पदक जीता। यह उनका पहला वर्ल्ड कप पदक है। इस पदक की मदद से भारत ने निंगबो, चीन में आयोजित सीजन-एंडिंग इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल को एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक के साथ पांचवें स्थान पर समाप्त किया।
फाइनल में मेघना ने 230.0 का स्कोर किया जबकि नॉर्वे की दिग्गज जेनेट हेग डुएस्टाड ने रजत जीता और पेंग ने 255.3 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। यह स्कोर उनकी साथी वांग ज़ीफेई के पूर्व विश्व रिकॉर्ड 254.8 से बेहतर था।
शनिवार को ईशा सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को निंगबो वर्ल्ड कप का पहला पदक दिलाया था। घरेलू रैंकिंग में चौथे से छठे स्थान के खिलाड़ियों से बनी भारतीय टीम ने विश्व स्तरीय प्रतिस्पर्धा में सराहनीय प्रदर्शन किया। चीन तीन स्वर्ण पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर रहा जबकि नॉर्वे दो स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। कुल 10 स्वर्ण पदकों के लिए मुकाबला हुआ।
रविवार सुबह दूसरे क्वालिफिकेशन राउंड में शूटिंग करते हुए मेघना ने 632.7 का मजबूत स्कोर बनाकर सातवां स्थान हासिल किया। पेंग 637.4 के शानदार स्कोर के साथ शीर्ष पर रही।
चीन की खिलाड़ी ने फाइनल की 24 शॉट्स की सीरीज की शुरुआत ही परफेक्ट 10.9 के साथ की। पहले पांच शॉट्स की सीरीज के बाद मेघना आठ महिला खिलाड़ियों में सबसे पीछे थीं।
दूसरी सीरीज में 52.3 के स्कोर ने उन्हें छठे स्थान पर पहुंचा दिया। अगले 10 शॉट्स में उन्होंने 10.2 से कम स्कोर नहीं किया, जिसमें 12वें शॉट में एक अहम 10.9 भी शामिल था। इस तरह लगभग एक दशक की मेहनत के बाद उन्होंने इस स्तर पर पहला पदक पक्का कर लिया।
19वें शॉट से पहले व्यक्तिगत न्यूट्रल एथलीट मारिया वासिलेवा उनसे सिर्फ 0.3 अंक आगे थीं। लेकिन मेघना के लगातार दो 10.4 स्कोर ने मारिया की उम्मीदों को खत्म कर दिया।
भारत ने दिन का दूसरा फाइनल भी हासिल किया, जो निंगबो में चौथा फाइनल था। किरण अंकुश जाधव ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन क्वालिफिकेशन राउंड में 590 का स्कोर कर चौथा स्थान प्राप्त किया।
हालांकि फाइनल में पहले नीलिंग (घुटने) और फिर प्रोन पोजीशन (लेटकर) में खराब शुरुआत के कारण वे आठवें स्थान पर रहे। 40 शॉट्स के बाद उनका कुल स्कोर 406.7 रहा।
भारत के अन्य स्कोर
दिन के अन्य भारतीय दावेदारों में, पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता स्वप्निल कुशाले ने 587 का स्थिर स्कोर किया और 21वें स्थान पर रहे (पदक दावेदारों में 19वें स्थान पर)। बाबू सिंह पंवार ने 583 का स्कोर किया और काफी पीछे रहे।
महिलाओं की एयर राइफल में ओलंपियन रमीता जिंदल ने 629.8 का स्कोर कर 22वां स्थान (पदक दावेदारों में 16वां) हासिल किया, जबकि काशिका प्रधान ने 626.6 का स्कोर किया।
