बीनागंज सरकारी अस्पताल में अव्यवस्था, जगह की कमी से मरीज परेशान

गुना/बीनागंज। जिले के बीनागंज स्थित सरकारी अस्पताल में अव्यवस्था का आलम इन दिनों मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गया है। हालात यह हैं कि अस्पताल में पर्याप्त बेड उपलब्ध न होने के कारण एक ही बेड पर दो-दो मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। इस स्थिति से न सिर्फ मरीजों को कठिनाई हो रही है, बल्कि उनके परिजन भी असहज परिस्थितियों का सामना करने को मजबूर हैं। अस्पताल में भर्ती एक महिला के परिजन ने बताया कि जब उन्होंने नर्स से जगह न होने की शिकायत की तो नर्स ने लाचारगी जाहिर करते हुए कहा कि हम क्या करें, जगह ही नहीं है। यह स्थिति अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत को उजागर करती है। स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर सरकार द्वारा करोड़ों खर्च किए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर लोगों को सही इलाज और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

उल्लेखनीय है कि ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज बीनागंज अस्पताल इलाज के लिए आते हैं, लेकिन सीमित संसाधन और अपर्याप्त बेड उनकी परेशानी बढ़ा रहे हैं। मरीजों को मजबूरी में फर्श पर लेटकर इलाज कराना पड़ता है या फिर एक बेड पर दो-दो महिलाओं को सटकर इलाज करवाना पड़ता है। इससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है। लंबे समय से अस्पताल में जगह की कमी और स्टाफ की कमी की शिकायतें उठाई जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यदि समय रहते अस्पताल में बेड की संख्या नहीं बढ़ाई गई और संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए तो हालात और बिगड़ सकते हैं।

Next Post

छह करोड़ से ज्यादा लोगों ने दाखिल किया आयकर रिटर्न

Sat Sep 13 , 2025
नयी दिल्ली, 13 सितंबर (वार्ता) आंकलन वर्ष 2025-26 के लिए अब तक छह करोड़ से अधिक लोगों ने आयकर रिटर्न दाखिल कर दिये हैं। आयकर विभाग ने शनिवार को बताया कि इस साल अबतक आयकर रिटर्न दाखिल करने वालों की संख्या छह करोड़ को पार कर गयी है। उसने करदाताओं […]

You May Like

मनोरंजन