
सीहोर।मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की लापरवाही के चलते शनिवार को फिर एक युवक को अपनी जिंदगी गंवाना पड़ गई. मृतक आउटसोर्स कर्मचारी था जो बकायदा परमिट लेकर खंबे पर चढ़कर मरम्मत कार्य कर रहा था तभी अचानक बिजली आ गई. करंट का झटका लगने से युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चांदबढ़ पर आकर चक्काजाम करते हुए विद्युत कंपनी के दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद दो घंटे से जारी जाम समाप्त किया जा सका.
परमिट लेकर मेंटेंनेंस का काम करने के दौरान कर्मचारी की मौत का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी कई कर्मचारी ऐसी ही लापरवाही के चलते मौत की भेंट चढ़ चुके हैं. शनिवार को इसमें एक और कर्मचारी की मौत जुड़ गई. बताया जाता है कि ग्राम खंडवा निवासी 30 वर्षीय विजय कुमार आ. भागीरथ विद्युत कंपनी में आउटसोर्स कर्मचारी था. शनिवार को वह ग्राम में विद्युुत लाईन मेंटेंनेंस का काम कर रहा था. मृतक के परिजनों की मानें तो उसने विधिवत परमिट लेकर लाईन बंद कराई थी, लेकिन अचानक तारों में करंट बहने लगा जिससे उसे तेज झटका लगा और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में रोष का माहौल निर्मित हो गया.बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने परिजनों के साथ मिलकर चांदबढ़ चौराहे पर चक्काजाम कर दिया. इस दौरान वह विद्युत कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे. ग्रामीणों में इतना आक्रोश था कि उन्होंने सड़क के बीच में बैठकर वहां से किसी भी वाहन को नहीं गुजरने दिया. नतीजतन श्यामपुर- सीहोर मार्ग के अलावा शुजालपुर मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं. जाम की जानकारी मिलने के बाद मंडी थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था. उन्होंने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को काफी समझाईश दी, लेकिन वह पहले दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर अड़े रहे. इस घटना को लेकर अन्य आउटसोर्स कर्मचारियों के अलावा विद्युत कंपनी के नियमित कर्मचारियों में भी रोष का माहौल बना हुआ था. लगभग दो घंटे बाद विद्युत कंपनी के अधिकारियों ने मौके पर जाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया उसके बाद ही चक्काजाम समाप्त किया जा सका.
विधायक सुदेश राय भी जिला अस्पताल पहुंचे और शोक व्यक्त करते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. घटना के बाद बिजली कंपनी की अधीक्षण यंत्री पूनम तुलराम ने मामले की जांच के डीई को आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले संबंधितों पर सख्त कार्रवाई होगी.
परिजनों को आर्थिक मदद दिलाएंगे
आउटसोर्स कर्मचारी विजय वर्मा को बिना सुरक्षा उपकरणों के विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने कैसे फॉल्ट सुधारने के निर्देश दिए इसकी पूरी जांच कराएंगे और मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता भी दिलाएंगे. इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के हम साथ खड़े हैं. सुदेश राय,
विधायक सीहोर विधानसभा
