सुमित नागल, दक्षिणेश्वर सुरेश ने दिलाई 2-0 की बढ़त

नयी दिल्ली, 13 सितम्बर (वार्ता)भारतीय टेनिस टीम ने शुक्रवार को बील के स्विस टेनिस एरिना में नौवीं वरीयता प्राप्त स्विट्जरलैंड के खिलाफ डेविस कप 2025 विश्व ग्रुप I मुकाबले में दक्षिणेश्वर सुरेश और सुमित नागल के अपने-अपने एकल मुकाबले जीतने के बाद शानदार शुरुआत की।
दक्षिणेश्वर सुरेश ने शुरुआती एकल में जेरोम किम को 7(7)-6(4), 6-3 से हराकर उलटफेर किया, जबकि दो बार के ओलंपियन सुमित नागल ने दूसरे मैच में मार्क-एंड्रिया ह्यूस्लर को 6-3, 7(7)-6(4) से हराया।
पहले मैच में दुनिया के 155वें नंबर के जेरोम किम के खिलाफ खेलते हुए, एटीपी टेनिस रैंकिंग में 626वें स्थान पर काबिज दक्षिणेश्वर सुरेश ने चौथे गेम में तीन ब्रेक पॉइंट बचाए और अपनी सर्विस नहीं गंवाई, जिससे टाई-ब्रेक में पहला सेट जीतने में उन्हें मदद मिली।
भारतीय टेनिस खिलाड़ी ने दूसरे सेट के पांचवें और सातवें गेम में भी दो-दो ब्रेक पॉइंट बचाए, लेकिन आठवें गेम में जेरोम किम अपनी सर्विस गंवा बैठे, जिससे दक्षिणेश्वर सुरेश की सीधे सेटों में शानदार जीत का रास्ता साफ हो गया।
इस मुकाबले के दूसरे मैच में सुमित नागल ने पहले गेम में मार्क-एंड्रिया ह्यूस्लर की सर्विस तोड़ी और फिर पांचवें और सातवें गेम में भी ब्रेक पॉइंट बचाए। इसके बाद उन्होंने नौवें गेम में ह्यूस्लर की सर्विस फिर से तोड़कर पहला सेट अपने नाम कर लिया।
दूसरा सेट पूरी तरह से सर्विस पर टिका रहा, जिससे टाई-ब्रेक हुआ जिसे नागल ने 7-4 से जीत लिया।
पहले दिन दो जीत के साथ, डेविस कप टीम रैंकिंग में 37वें स्थान पर काबिज भारत को विश्व में 24वें नंबर की स्विट्जरलैंड के खिलाफ विश्व ग्रुप I मुकाबला जीतने के लिए बस एक और जीत की जरूरत है।
दूसरे दिन का मुकाबला एन श्रीराम बालाजी और ऋत्विक बोलिपल्ली के साथ युगल मुकाबले में जैकब पॉल और हेनरी बर्नेट से होगा।
उल्टे एकल मुकाबलों में सुमित नागल का सामना जेरोम किम से और दक्षिणेश्वर सुरेश का सामना मार्क-एंड्रिया ह्यूस्लर से होगा।
भारत बनाम स्विट्जरलैंड मुकाबले का विजेता 2026 क्वालीफायर के पहले दौर में प्रवेश करेगा, जबकि हारने वाली टीम 2026 विश्व ग्रुप I प्ले-ऑफ में रेलिगेट हो जाएगी।
2019 में डेविस कप प्रारूप में बदलाव के बाद से, भारत ने क्वालीफायर में प्रवेश करने के लिए अपने विश्व ग्रुप I मुकाबले नहीं जीते हैं। भारतीय टेनिस टीम तीन मौकों पर 1966, 1974 और 1987 में उपविजेता रही।

Next Post

मीनाक्षी, जैस्मीन और नूपुर फाइनल में

Sat Sep 13 , 2025
लिवरपूल,13 सितम्बर (वार्ता) जैस्मीन (57 किग्रा) ने वेनेजुएला की ओमैलिन कैरोलिना अल्काला सेगोविया को 5:0 से हराकर लिवरपूल में 2025 विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह पहली भारतीय बन गईं हैं। जैस्मीन के बाद नूपुर (80 किग्रा) ने तुर्की की […]

You May Like