भाजपा नेता ड्रग्स कारोबार को दे रहे संरक्षण, CBI करे जांच

भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार और इसके पीछे भाजपा नेताओं के कथित संरक्षण को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में मध्यप्रदेश अब ड्रग्स तस्करी और खपत का गढ़ बनता जा रहा है।नायक ने आगर-मालवा जिले में हाल ही में हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए बताया कि भाजपा तनोडिया मंडल उपाध्यक्ष राहुल आंजना की कार से 9.250 किलो कैटामाइन, 6 ग्राम एमडी ड्रग्स, 12.100 किलो अमोनियम क्लोराइड पाउडर और 35 लीटर आइसोप्रोपाइल अल्कोहल बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब ₹350 करोड़ आंकी गई। मुख्य आरोपी अभी फरार है।

उन्होंने कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है। अक्टूबर 2024 में भोपाल के बगरोदा औद्योगिक क्षेत्र में 907 किलो से अधिक मेफेड्रोन और 5,000 किलो कच्ची सामग्री पकड़ी गई थी, जिसकी कीमत ₹1,814 करोड़ थी। इसी तरह अगस्त 2025 में भोपाल के जगदीशपुर में डीआरआई ने 61 किलो से अधिक एमडी ड्रग्स जब्त किया।
नायक ने एनसीआरबी के आंकड़े पेश करते हुए बताया कि 2020 में NDPS एक्ट के तहत 1,644 मामले दर्ज हुए थे, जो 2022 में बढ़कर 2,169 हो गए। गांजा और अन्य ड्रग्स की बरामदगी भी चिंताजनक स्तर पर है।

कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि आखिर हर बड़े ड्रग्स नेटवर्क में भाजपा नेताओं या उनके करीबियों के नाम क्यों सामने आते हैं? उन्होंने मांग की कि इन मामलों की जांच CBI और NCB से कराई जाए तथा फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो।नायक ने जनता से अपील की कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई राजनीतिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक भी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का दोहरा चरित्र अब उजागर हो चुका है—एक ओर मंच से संस्कार और नशामुक्ति की बात, दूसरी ओर नेताओं को ड्रग्स कारोबार का संरक्षण।

Next Post

रूस के कामचटका में भूकंप के जोरदार झटके

Sat Sep 13 , 2025
मास्को 13 सितंबर (वार्ता) रूस के कामचटका प्रायद्वीप के पूर्वी तट पर शनिवार को भूकंप के जोरदार झटके महसूस किये गये। चीनी भूकंप नेटवर्क केंद्र (सीईएनसी) के अनुसार बीजिंग के समय के अनुसार पूर्वाह्न सुबह 10:37 बजे महसूस किये गये भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.3 मापी गयी। भूकंप […]

You May Like