नयी दिल्ली, 13 सितम्बर (वार्ता) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर इलाके में पुरानी रंजिश में गोलीबारी के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गयी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
गोलीबारी की यह घटना शुक्रवार शाम नानक डेयरी, कमल विहार के पास घटित हुयी थी। पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पूर्व) आशीष मिश्रा ने बताया कि 12 सितम्बर की शाम गोलीकांड की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक युवक लहूलुहान हालत में मिला। घायल व्यक्ति की पहचान उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के भोपुरा निवासी रोहित यादव (30) के रूप में हुई। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गयी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 2–3 हमलावरों ने रोहित पर गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें तैनात कर दी गई हैं।
इसी मामले में आगे की जांच के दौरान शनिवार तड़के एक और बड़ा खुलासा हुआ। पुलिस को सूचना मिली कि घटना में एक और युवक घायल हुआ था। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश में लोनी के लक्ष्मी गार्डननिवासी विशाल मावी (28) के रूप में हुई। उसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि मृतक और दूसरी ओर के पक्ष के बीच 2–3 दिन पहले भी तीखी कहासुनी और विवाद हुआ था।
इस सिलसिले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गयी है।

