इंदौर: क्राइम ब्रांच की सतत निगरानी और कार्रवाई में शहर में एमडी ड्रग्स सप्लाई करने वाला मंदसौर निवासी फरार तस्कर हारून रशीद गजनबी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी लंबे समय से इंदौर में नशे का जाल फैलाने में सक्रिय था।एडिशन डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच टीम लगातार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और सप्लाई करने वालों पर नजर रख रही थी।
9 सितंबर को मिली मुखबिर सूचना पर टिगरिया बादशाह रोड इलाके से 32 वर्षीय समीर शाह निवासी चंदन नगर को गिरफ्तार किया था। उसकी तलाशी में करीब 61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई थी।पूछताछ में समीर ने खुलासा किया था कि उसे यह नशा मंदसौर निवासी हारून गजनबी से मिला है।
इसके बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी की तलाश में दो टीम बनाई। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की मदद से पुलिस ने 50 वर्षीय हारून रशीद गजनबी निवासी नगरी गांव, दलोदा मंदसौर को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर उसका रिमांड लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
