
आष्टा।बीमा से वंचित किसानों ने तहसील कार्यालय में पहुंचकर राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा.
तहसील के ग्राम हकीमाबाद, धनाना, हीरापुर, टांडा, दुपहडिय़ा, मालीखेड़ी, मुंडीखेड़ी, लोरास कला, शंभूखेड़ी, काजीखेड़ी, लखीमपुर, जाफराबाद, लसूडिय़ा सुखा, चाचाखेड़ी, पटरिया, मोलुखेड़ी, बेदाखेड़ी खामखेड़ा सेवदा सहित दर्जनों गांव के सैकड़ों किसान तहसील कार्यालय आष्टा में पहुंचे एवं प्रदर्शन किया.
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि पिछले साल पूरे क्षेत्र में कहीं पर भी सोयाबीन नहीं हुआ था सर्वे भी हुआ. लेकिन सरकार ने जो बीमा कुछ दिन पहले वितरित किया. वह ऊंट के मुंह में जीरे जैसा है. किसी को 100 किसी को 500 जबकि इससे ज्यादा तो किसानों की बीमा प्रीमियम का पैसा लगा है और हम गांव के किसानों को बीमा नहीं मिला है. हमारा आपसे निवेदन हैं कि तत्काल हमारी फसल का बीमा राशि वितरण किया जाए एवं इस वर्ष भी अति वर्षा के कारण सोयाबीन में पीले मोजेक की बीमारी है अत: कृषि विस्तार अधिकारी एवं पटवारी द्वारा सर्वे कर इस बार का बीमा भी जल्द दिलवाया जाए.
किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तत्काल हमारी समस्या का हल नहीं निकाला और बीमा वितरण नहीं किया तो धरना प्रदर्शन, बाजार बंद जैसे आंदोलन करने मजबूर होना पड़ेगा.
