मुंबई, 12 सितंबर (वार्ता) देश का विदेशी मुद्रा भंडार 05 सितंबर को समाप्त में 4.038 अरब डॉलर बढ़कर नौ सप्ताह के उच्चतम स्तर 698.268 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार दूसरे सप्ताह वृद्धि हुई है। इससे पहले, 29 अगस्त को समाप्त सप्ताह में यह 3.51 अरब डॉलर बढ़कर 694.23 अरब डॉलर रहा था।
विदेशी मुद्रा भंडार में सबसे बड़ा योगदान स्वर्ण भंडार का रहा। रिजर्व बैंक के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 05 सितंबर को समाप्त सप्ताह में स्वर्ण भंडार 3.53 अरब डॉलर बढ़कर 90.299 अरब डॉलर हो गया। विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 54 करोड़ डॉलर की वृद्धि के साथ 584.477 अरब डॉलर पर रहा।
विदेशी मुद्रा भंडार के अन्य घटकों में विशेष आहरण अधिकार 3.4 करोड़ डॉलर घटकर 18.742 अरब डॉलर रह गया जबकि अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 20 लाख डॉलर बढ़कर 4.751 अरब डॉलर हो गयी।
विदेशी मुद्रा भंडार पिछले कुछ समय से 700 अरब डॉलर के करीब बनी हुई है। यह 11 महीने के आयात बिल के भुगतान के लिए पर्याप्त है। मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार से रिजर्व बैंक के पास रुपये में किसी तेज गिरावट को रोकने के लिए हस्तक्षेप की गुंजाइश बढ़ जाती है।

