गड्ढों और कीचड़ से ग्रामीणों का आवागमन हुआ मुश्किल

सिंगरौली । जनपद पंचायत बैढ़न के खुटार क्षेत्र के डिवाटोला में सड़क की बदहाली ने विकास कार्यों की जमीनी हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब दो वर्ष पहले बनी सड़क ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख माध्यम थी, लेकिन 6 मई 2025 को नल-जल योजना की पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क को खोद दिया गया। पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद सड़क की निर्धारित मानकों के अनुसार बहाली नहीं कराई गई। इसका खामियाजा अब ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में सड़क की हालत और बदतर हो गई है। जगह-जगह गहरे गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के कारण पैदल चलना मुश्किल है।

दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलने के खतरे के बीच आवागमन करने को मजबूर हैं। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की परेशानी सबसे ज्यादा बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि नल-जल योजना के ठेकेदार ने सड़क तोड़ने के बाद उसकी गुणवत्ता के अनुरूप मरम्मत नहीं कराई। सवाल यह भी है कि ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत बैढ़न के जिम्मेदार अधिकारियों ने कार्य की निगरानी किस स्तर पर की। यदि सड़क की बहाली नहीं हुई तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्थल निरीक्षण कराने, सड़क की गुणवत्ता की जांच करने और ठेकेदार से मानक के अनुरूप सड़क दुरुस्त कराने की मांग की है।

Next Post

नाबालिग के अपहरण मामले में ग्रामीणों का आक्रोश, एसपी के नाम एएसपी को सौंपा ज्ञापन

Wed Aug 19 , 2026
आलीराजपुर। सोंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम ककड़वाल में 14 वर्षीय नाबालिग बालिका के कथित अपहरण के मामले को लेकर बुधवार को ग्रामीणों में आक्रोश दिखाई दिया। ग्राम ककड़वाल सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल के नेतृत्व में जिला पुलिस […]

You May Like