जबलपुर: बरगी थाना अंतर्गत ग्राम बींझा जंगल में सत्येंद्र उईके 19 वर्षीय निवासी घुंसौर की हत्या मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, आरोपी को लखनादौन से गिरफ्तार कर पुलिस शहर लेकर आ गई। पुलिस की एक टीम मामले में चैन्नई भी गई थी जहां आरोपित ने मृतक का मोबाइल एक दुकान में बेचा था जिसे भी जब्त किया गया है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त कर ली गई है। आरोपित को गुरूवार को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
बरगी नगर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुश्री सरिता पटैल ने बताया कि 20 अगस्त को ग्राम बींझा मोड के पास जंगल में सतेन्द्र उइके की लाश पड़ी मिली थी। मर्ग कायम कर पुलिस ने मामले को जांच में लिया था। जांच में यह बात सामने आई कि 15 अगस्त को मृतक सतेन्द्र उइके अपने दोस्त ददुआ एवं सचिन यादव के साथ घर से मण्डला जाने का कहकर निकला था जो वापस नहीं आया जिसकी गुमशुदगी कि रिपोर्ट थाना घंसौर जिला सिवनी में की गई थी।
संदेही सचिन यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी सचिन यादव ने सतेन्द्र के गांव की एक युवती के साथ प्रेमसंबंध होने से युवती के भाई आशीष उर्फ बिहारी के कहने पर गांव के ही ददुआ, शिवदीन, हेमराज के साथ मिलकर सतेन्द्र की हत्या करने एंव लाश को कलकुही घाटी में छिपाने की बात स्वीकार की थी जिसके बाद हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया था।
पांच अगस्त को नागपुर रोड पर दबिश देते हुये आरोपी बिहारी उर्फ आशीष 20 वर्ष निवासी कुडो बुधवारा, शिवदीन पिता मंगल उइके 23 वर्ष निवासी ईश्वरपुर थाना घंसौर जिला सिवनी, ददुआ उर्फ बृजलाल उर्फ बृजेश पिता भीकम इनवाती 20 साल निवासी ग्राम कुडो बुधवारा को चेन्नई से वापस आते समय अभिरक्षा में लिया गया था। पूछताछ में यह बात सामने आई थी कि बिहारी उर्फ आशीष की बहन एवं सतेन्द्र के मध्य प्रेम संबंध होने से एवं भाई को राखी न बांधने से रुष्ट होकर बिहारी उर्फ आशीष ने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर हत्या करने का प्लान बनाकर 15 अगस्त को सतेन्द्र उइके के दोस्त ददुआ से सतेन्द्र को जंगल मे बुलवाकर गला घोंटकर धारदार कडे से गला रेतकर एवं चेहरा पत्थर से कुचलकर हत्या कर लाश को छुपा दिया था।
घटना में प्रयुक्त पत्थर, लोहे का धारदार कडा, मोबाईल, आदि जप्त किया गया था। हेमराज फरार हो गया था। लखनादौन से आरोपी हेमराज उर्फ भोला यादव पिता रज्जूलाल यादव 19 वर्षीय निवासी कूडो बुधवारा घंसौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतक का मोबाइल चैन्नई में एक दुकान में बेच दिया गया था जिसे भी जब्त किया गया इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।
