पुणे, 11 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर 16 सितंबर को पुणे में ड्रोन शो, दिव्यांग सहायता शिविर एवं संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि “ज्योतिने तेजाची आरती” शीर्षक वाला ड्रोन शो प्रधानमंत्री के जन्मदिन से एक दिन पहले आयोजित किया जाएगा जिसे पूरे देश में एक पखवाड़े तक चलने वाले “सेवा पखवाड़ा” (सेवा अभियान) के रूप में मनाया जा रहा है। अयोध्या और वाराणसी के बाद यह महाराष्ट्र में पहला ड्रोन शो होगा जो “विकसित भारत” के दृष्टिकोण का प्रतीक होगा।
उन्होंने कहा कि 45 मिनट के इस 3डी शो में मोदी सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ पुणे के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को भी दिखाया जाएगा। जब हज़ारों ड्रोन आसमान में उड़ेंगे तो तीन-चार किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग इस नज़ारे को देख सकेंगे।
केंद्रीय मंत्री मोहोल ने आगे कहा कि दिव्यांगजनों के लिए एस.पी. कॉलेज परिसर में एक विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा जहां 1,200 से ज़्यादा लाभार्थियों को 1,750 से ज़्यादा सहायक उपकरण निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। शाम को प्रसिद्ध संगीतकार और गायक अवधूत गुप्ते एक लाइव कॉन्सर्ट प्रस्तुत करेंगे जिसके बाद रात आठ बजे ड्रोन शो का आयोजन होगा।
