
भोपाल। राजधानी में पुरानी जेल रोड़ पर हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की जान चली गई. जबकि मृतक का बड़ा भाई जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में जंग लड़ रहा है. मंगलवार को जेल पहाड़ी पर हुई दुर्घटना में बाइक सवार युवकों को अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी थी. हादसे में घायल हुए युवकों को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान एक युवक की जान चली गई. पुलिस जानकारी के अनुसार हादसे में घायल हुए सीहोर जिले के रहवासी युवक सगे भाई है. बड़ा भाई भूरे अपने छोटे भाई इरफान के साथ भोपाल में कोर्ट में सुनवाई के लिए पहुंचे थे. इस हादसे में इरफान की मौत हो चुकी है. जबकि भूरे का इलाज अस्पताल में जारी है. अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार इरफान की ससुराल भोपाल में ईंटखेड़ी में है. इरफान की पत्नी ने उन पर घरेलू हिंसा का प्रकरण दर्ज कराया था. जिस पर कोर्ट में केस चल रहा था. इसी केस की सुनवाई के चलते दोनों भाई भोपाल पहुंचे थे. जहां उनके साथ हादसा हो गया. बाइक सवार युवकों को टक्कर मारने वाली अज्ञात कार की तलाश भी पुलिस कर रही है. मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
