सीबीआई ने इंटरपोल की मदद से भगोड़े ठग को कुवैत से भारत वापस लाने में सफलता पाई

नयी दिल्ली, 11 सितम्बर (वार्ता) केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) ने अंतरराष्ट्रीय अपराध पुलिस संगठन (इंटरपोल) के सहयोग से एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से वांछित भगोड़े मुन्नावर ख़ान को कुवैत से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर षड्यंत्र, धोखाधड़ी और जालसाज़ी जैसे गंभीर आरोप हैं।
सीबीआई की अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग इकाई (आईपीसीयू) ने विदेश मंत्रालय तथा कुवैत की राष्ट्रीय अपराध शाखा के सहयोग से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मुन्नावर ख़ान को कुवैत पुलिस की निगरानी में 11 सितम्बर को हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय विमानपत्तन पर लाया गया। यहां सीबीआई की विशेष अपराध शाखा, चेन्नई की टीम ने उसको हिरासत में लिया है।
सीबीआई के अनुसार मुन्नावर ख़ान पर आरोप है कि उसने अन्य सह-अभियुक्तों के साथ मिलकर बैंक ऑफ बड़ौदा से करोड़ों रुपये की ठगी की थी। धोखाधड़ी के तुरन्त बाद वह कुवैत भाग गया और न्यायालय ने उसे घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
सीबीआई के अनुरोध पर इंटरपोल ने 07 फ़रवरी 2022 को मुन्नावर ख़ान के विरुद्ध रेड नोटिस जारी किया था। इसके आधार पर कुवैत में उसकी गिरफ़्तारी हुई और फिर उसे भारत प्रत्यर्पित करने का निर्णय लिया गया।
सीबीआई देश में इंटरपोल का राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो होने के नाते देश की सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करता है। इंटरपोल द्वारा जारी रेड नोटिस विश्वभर में प्रसारित किए जाते हैं, जिससे वांछित अपराधियों का पता लगाया जा सके।
सीबीआई ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में इंटरपोल चैनलों के माध्यम से 130 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया गया है।

Next Post

जम्मू-कश्मीर के बडगाम से दिल्ली के आदर्श नगर स्टेशन तक शनिवार से नियमित रूप से चलेगी पार्सल ट्रेन

Thu Sep 11 , 2025
नयी दिल्ली 11 सितंबर (वार्ता) रेलवे शनिवार से जम्मू-कश्मीर के बडगाम से राष्ट्रीय राजधानी के आदर्शन नगर स्टेशन तक दैनिक पार्सल ट्रेन सेवा शुरू कर रहा है। यह जानकारी रेल मंत्री अश्विवी वैष्णव ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ” जम्मू-श्रीनगर लाइन […]

You May Like