बीना। शहर के भगत सिंह वार्ड में निकाय निधि से 6.50 लाख रुपए की लागत से बन रही सीसी रोड का मंगलवार को नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लता सकवार ने मौके पर पहुँचकर निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड पार्षद एवं सभापति श्रीमती मधुलिका यादव, पार्षद श्रीमती मीना हरिओम चौबे सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष लता सकवार ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया और अधिकारियों को समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका शहरवासियों की बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार काम कर रही है और प्रत्येक वार्ड में चरणबद्ध तरीके से सड़क, नाली एवं अन्य निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि सड़क बनने से उन्हें आवागमन में बड़ी सुविधा होगी और बरसात के दिनों में कीचड़ एवं जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। लोगों ने इस विकास कार्य के लिए नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।
