
छतरपुर। छतरपुर जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए डायल 112 की 31 नई गाड़ियाँ जिले में पहुँची हैं। बुधवार दोपहर 1:30 बजे पुलिस लाइन ग्राउंड से DIG ललित शाक्यवार, SP अगम जैन और एडिशनल एसपी ने हरी झंडी दिखाकर इन गाड़ियों को जिले के विभिन्न थानों के लिए रवाना किया।
DIG ललित शाक्यवार ने इस अवसर पर कहा कि आज छतरपुर जिले के लिए यह खुशी का दिन है, क्योंकि हमें पहले से कहीं अधिक उन्नत गाड़ियाँ प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि अब डायल 100 की जगह डायल 112 सेवा लाई गई है, जो और भी ज्यादा एडवांस और सुविधाजनक है।
नई गाड़ियों में अत्याधुनिक तकनीक के तहत कैमरा, लाइव लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति की गोपनीयता भी सुरक्षित रहेगी। इन वाहनों की मदद से पुलिस को घटनास्थल तक समय पर पहुँचना आसान होगा।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इन आधुनिक वाहनों से जिले में जनसुरक्षा और अपराध नियंत्रण को नई मजबूती मिलेगी और आम नागरिकों को और अधिक विश्वास मिलेगा कि पुलिस हर वक्त उनके साथ खड़ी है।
