
इंदौर. खेलकूद और हंसी-खुशी के बीच अचानक आई एक त्रासदी ने पूरे परिवार को गहरे ग़म में डुबो दिया. बेटमा के ईरा एकेडमी स्कूल की 6वीं कक्षा की छात्रा 11 वर्षीय लक्षिता पटेल की कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई. मासूम की चहकती जिंदगी चंद पलों में थम गई. मामले में पुलिस जांच कर रही है.
स्कूल परिसर में सहेलियों संग खेल रही लक्षिता को अचानक थकान महसूस हुई. वह जमीन पर बैठी और देखते ही देखते बेहोश होकर गिर पड़ी. साथी छात्राओं ने शिक्षकों को सूचना दी तो खेल शिक्षक उसे तत्काल बेटमा अस्पताल ले गए, वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे इंदौर के चोइथराम अस्पताल रेफर कर दिया. करीब दोपहर तीन बजे उसे चोइथराम लाया गया, जहां जांच में कार्डियक अरेस्ट सामने आया. डॉक्टरों ने दो घंटे तक जीवन बचाने की कोशिश की, लेकिन शाम पांच बजे मासूम ने दम तोड़ दिया. दुखद खबर मिलते ही परिवार बेसुध हो गया, जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा दिया. पुलिस ने बताया कि लक्षिता के पिता निजी कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि बड़ा भाई बिजलपुर में मामा के घर रहकर पढ़ाई करता है. अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार और स्कूल स्टाफ को गहरे सदमे में डाल दिया.
