
भोपाल।अयोध्यानगर थाना पुलिस ने किराना व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों से लूटे गये नगदी, घटना में प्रयुक्त 2 रेसिंग स्पोर्ट मोटरसाइकल सहित लगभग 5 लाख रुपये का मसरुका जब्त किया गया है. आरोपियों ने स्पोर्ट रेसिंग बाईक से घटना को अंजाम दिया था. सभी के खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानो में कई अपराध दर्ज है. आरोपियो ने योजना बनाकर की पहले रैकी की, फिर की व्यापारी के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया. लूट के पैसो से आरोपियों ने अपने महंगे शौक पूरे करते हुए बाईक की किस्त भी भरी.
पुलिस जानकारी के अनुसार बीते 4 सितबंर को रात्रि लगभग 11.30 बजे किराना व्यापारी फरियादी नीरज पाठक उम्र 33 साल निवासी अयोध्या नगर के साथ घटना घटी. फरियादी जब अपनी दुकान बन्द करके बिक्री की नगदी करीबन 8 हजार रूपये एक कपड़े के थैले मे भरकर अपने घर गाड़ी से जा रहे थे. तभी दीप कान्वेन्ट स्कूल के सामने दो अलग-अलग मोटर सायकिल से आये बदमाशों ने चाकू अडाकर पैसो का थैला लूट कर भाग निकले. मामले की शिकायत के बाद पुलिस की टीम ने घटना के आसपास से लेकर आरोपियों के भागने के रुट पर स्थित सीसीटीव्ही कैमरों और तकनीकि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की. चारों आरोपियों को चिह्नित कर निशातपुरा, करोंद, भानपुर सहित जगहों से पकडकर कर घटना में लूटा गया मसरुका और घटना में प्रयुक्त छुरी के साथ 2 स्पोर्ट बाइक सहित लगभग 5 लाख रुपये का सामान जब्त किया. आरोपियों की पहचान अभिराज अहिरवार उम्र 21 साल निवासी निशातपुरा, शुभम कहार उर्फ बब्बा उम्र 25 साल निवासी छोला मन्दिर, क्रिस श्रीवास उम्र 19 साल निवासी निशातपुरा और 17 वर्षीय नाबालिग निवासी छोला मन्दिर के रुप में की गई है.
