इंदौर: महापौर ने आज प्रदेश मुख्य सचिव को शहर में निर्माणाधीन फ्लाई ओवर ब्रिज की सर्विस रोड पर सुधार कार्य नहीं करने को लेकर पत्र लिखा है. पत्र में नगर निगम और प्रदेश सरकार की छवि खराब होने का हवाला भी दिया गया है. विशेष रूप से सभी निर्माण एजेंसियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके कारण शहर की जनता नगर निगम को दोष देती हैं.
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आज प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को इंदौर में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों के लापरवाही बरतने का पत्र लिखा है. महापौर ने पत्र में कहा कि इंदौर एमडी एमपीआरडीसी, पीडब्ल्यूडी, आईडीए, एनएचएआई और मेट्रो रेल निर्माण एजेंसियों द्वारा सर्विस रोड सुधार कार्य निर्देश देने के बाद भी नहीं किया जा रहा है.
अभी निर्माण एजेंसी के साथ बैठक कर बताया गया था कि सड़क ठीक नहीं होने से दुर्घटनाएं हो रहीं हैं. साथ ही प्रदेश भाजपा सरकार और नगर निगम परिषद की छवि खराब हो रही है. शहर की 30 लाख जनता उक्त एजेंसियों के कार्य को नगद निगम से जोड़कर देखते हैं. इस कारण उक्त सभी निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों को लापरवाही बरतने के लिए अनुशासन कारवाई और सुधार कार्य में तेजी लाने के निर्देश दें.
