जबलपुर: महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के द्वारा राजस्व वसूली अभियान की समीक्षा बैठक में की गयी। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि यह प्रजातंत्र है और प्रजातंत्र में नागरिक ही हमारे देवतुल्य हैं, जब वे मुख्यालय अथवा संभागीय कार्यालयों में काम कराने आते हैं तो उनका सत्कार और सम्मान हो, फिर उनके द्वारा बताये गए कार्यो को तत्परता के साथ करें।
महापौर ने राजस्व अमले के द्वारा सितम्बर माह में लक्ष्य के अनुरूप की गई वसूली के लिए टीम के सभी सदस्यों की सराहना की और अक्टूबर माह में 2 करोड़ की वसूली के लिए टारगेट दिया। इस अवसर पर उन्होंने यह भी चेताया कि वसूली के कार्यो में लापरवाही करने वालों के विरूद्ध अब अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी, जिसके लिए संबंधित डी.ओ., आर.आई. एवं करसंग्रहिता स्वयं जिम्मेदार होगें।
समीक्षा बैठक में राजस्व प्रभारी डॉं. सुभाष तिवारी, आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर आयुक्त अरविन्द शाह, व्ही.एन. बाजपेयी, प्रशांत गोंटिया, सहायक आयुक्त रचयिता अवस्थी, वेदप्रकाश, राजस्व अधीक्षक इन्द्र कुमार वर्मा, बाजार अधीक्षक दिनेश ठाकुर के साथ सभी संभागीय अधिकारी एवं राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे।
