सतना :जिले के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनौर मोड़ के पास एक वाहन पलट जाने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस भी वहां का नजारा देख कर चौंक गई. वाहन सवार तो मौके से भाग चुके थे. लेकिन कार में बोरियों में भरी 1.33 लाख रु की नशीली दवा बरामद कर ली गई.रविवार की रात लगभग 10 बजे डायल 112 पर इस बात की सूचना मिली कि नागौद क्षेत्र के सोनौरा मोड़ के निकट एक इनोवा कार पलट गई है.
प्रत्यदर्शियों के अनुसार इनोवा कार क्र. एमएच 01 वाईए 0371 चित्रकूट की ओर से काफी तेज रफ्तार से आ रही थी. इसी दौरान जैसे ही तेज रफ्तार वाहन सोनौरा मोड़ के निकट पहुंचा तो अचानक अनियंत्रित होकर पलटता हुआ दिखाई दिया. इतना ही नहीं बल्कि वाहन के पलटने के बाद उसमें सवार लोगों को मौके से भागते हुए भी देखा गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब पलटी हुई कार में झांक कर देखा तो वहां कोई भी नजर नहीं आया. लेकिन कार में पीले रंग की प्लास्टिक की 5 बोरियां लदी पाई गईं. जिन्हें खोलकर देखने पर उनमें नशे में इस्तेमाल होने वाली कफ सीरप पाई गई.
