सीहोर। जिले में मई के तीसरे सप्ताह में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है. तेज धूप, गर्म हवाओं और लू ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. पिछले 24 घंटों के दौरान जिले का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक बताया जा रहा है. राजस्थान की ओर से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
गर्मी का असर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक साफ दिखाई दे रहा है. दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. सुबह 11 बजे के बाद से ही बाजारों में सन्नाटा छाने लगता है. सबसे अधिक दिक्कत मजदूर वर्ग, यात्री और खुले आसमान के नीचे काम करने वाले लोगों को हो रही है.
भीषण गर्मी का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है. जिला अस्पताल और निजी चिकित्सालयों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, उल्टी-दस्त और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के भोजन का सेवन करने की सलाह दी ह. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ता तापमान बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है.
आगामी दिनों में भी गर्मी से नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग की मानें तो आगे भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है. इस दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है. तेज लू चलने की संभावना भी जताई गई है. जून के दूसरे पखवाड़े में बंगाल की खाड़ी में बनने वाले चक्रवात और प्री-मानसून गतिविधियों के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. भीषण गर्मी के बीच मानसून को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है. विभाग के अनुसार 16 मई के आसपास मानसून के अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के हिस्सों में पहुंचने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं.
