
ब्यावरा। बिमारियों के बीच डेंगू पॉजिटिव के मामले जिले में बढ़ रहे है. सोमवार को एक और मरीज की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हाल ही के दिनों में पॉजिटिव मरीजों की संख्या अब बढक़र 10 हो गई है.
ताजा मामला जीरापुर तहसील के लखोनी गांव से आया है जहां एक 13 वर्षीय बालक की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है. इसके पूर्व 8 अगस्त को 1 मरीज की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आयी. इसके बाद 13 अगस्त को एक मरीज पॉजिटिव आया. 25 अगस्त को फिर एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी तत्पश्चात 30 अगस्त को ग्राम झिरी में एक मरीज की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आयी. इसके पहले 20 जून, 11 जुलाई को दो मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी. इसके बाद 14 जुलाई को 1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी.
डेंगू लक्षण वाले मरीजों पर नजर
विदित है कि इन दिनों तेज बुखार आना, हाथ-पैर में दर्द, उल्टी-दस्त के साथ ही गले में इंफेक्शन होना आदि दिक्कते लोगों को हो रही है. मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विगत दिवस बुखार के ऐसे संदिग्ध मरीज जिनमें डेंगू के संभावित लक्षण की संभावना नजर आ रही है उन मरीजों की सेम्पलिंग करने हेतु निर्देशित किया गया है. ऐसे ही एक मरीज का सेम्पल जांच के लिए जिला चिकित्सालय लैब में आया. जिसकी रिपोर्ट सोमवार को आने पर वह डेंगू पॉजिटिव आयी.
गांव में पहुंचेगी टीम
जिला महामारी नियंत्रक डा. महेन्द्रपाल सिंह के अनुसार सोमवार को लखोनी गांव निवासी एक बालक की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आयी है. अब तक जिले में डेंगू पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढक़र 10 हो गई है. आज संबंधित गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचकर सर्वे कर स्वास्थ्य परीक्षण करेगी.
सावधानी बरतने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बदले मौसम में सावधानी बरतने हेतु सलाह दी जा रही है. साफ एवं स्वच्छ तथा गुनगुने पानी का उपयोग करने, तेल निर्मित खाद्य सामग्री के उपयोग से बचे, ताजी खाद्य सामग्री का उपयोग करने सहित अन्य सावधानियां बरतने की सलाह दी है.
उधर सिविल अस्पताल, जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन ओपीडी में मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है. जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन मरीजो की संख्या लगभग 600 तक पहुंच रही है.
