
टीकमगढ़। पुलिस ने देह व्यापार के मामले में फरार आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार किया है। दिगौड़ा थाना पुलिस ने एसपी मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में यह कार्रवाई की। मामले में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि झारखंड निवासी रामजन्म शर्मा ने पैसे लेकर उसकी शादी टीकमगढ़ के दिगौड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति से करा दी। शादी के बाद पति नियमित रूप से मारपीट करता था। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति और रामजन्म शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया। पति को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम के अनुसार, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 के तहत फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम बनाई गई। मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने झारखंड के गढ़वा जिले से 48 वर्षीय रामजन्म शर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपी को टीकमगढ़ न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दिगौड़ा निरीक्षक मनीष मिश्रा, निरीक्षक बृजेन्द्र कुमार चाचोंदिया, सुकरत राय, आनन्द सुडेले और अंकित साहू की टीम शामिल थी।
