महू: विधानसभा की जनता की 11 वर्षो पुरानी लंबी दूरी की ट्रेनों को गौतमपुरा रोड रेलवे स्टेशन पर रोकने की मांग पूरी हो गई है. इस मांग को सांसद शंकर लालवानी व विधायक मनोज पटेल ने शुक्रवार रात को पूरा करवा दिया. रात्रि 10.05 बजे पहली बार गौतमपुरा रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेन इंदौर-जोधपुर एक्स्प्रेस के पहिए रुके. ट्रेन रुकते ही वहा मौजूद जनता ने जोरदार तालियां बजाई और आतिशबाजी करते हुए ट्रेन के ड्राइवर को पुष्प हार पहना कर मिठाई खिलाई व स्वागत किया. इस एक्स्प्रेस ट्रेन की हरी झंडी दिखाने पश्चिम रेलवे विभाग ने सांसद शंकर लालवानी व विधायक मनोज पटेल को आमंत्रित किया था.
ग्रामीणजन आंदोलन को थे तैयारट्रेन स्टापेज मांग को लेकर सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सक्सेना ने सांसद, विधायक, व रेलवे अधिकारियों को दो दर्जन से अधिक पत्र लिखे और मुलाकात की. पर किसी ने ध्यान नहीं दिया. इससे ग्रामीणों में भी आक्रोश बढ़ रहा था और आंदोलन की तैयारी चल रही थी. सांसद लालवानी ने रेल मंत्री से गौतमपुरा स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों को रुकवाने का पत्र लिखा. जिस पर रेल मंत्री ने सहमति देते हुए रेलवे विभाग को गौतमपुरा स्टेशन पर ट्रेन रोकने के निर्देश दिए. जिसके बाद शुक्रवार को जोधपुर-इंदौर-जोधपुर एक्स्प्रेस ट्रेन शुक्रवार को गौतमपुरा रोड स्टेशन पर रोकी गई. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे. वहीं गौतमपुरा से दो ही टिकट बिके. टिकट बुकिंग कर्मचारी अकरम पठान से पहला टिकिट यात्री बनकर जीतू गुप्ता ने और दूसरा टिकिट जमील खान ने लिया. सांसद ने भी ट्रेन में बैठ कर इंदौर तक यात्रा की.
सांसद ने की कई घोषणाएं
समारोह के बीच सांसद लालवानी ने गौतमपुरा स्टेशन को विकसित करने, एक और प्लेटफार्म के साथ फुट ओवर ब्रिज बनवाने की भी घोषणा की. विधायक मनोज पटेल ने कहा आने वाले कुछ दिनों में रेलवे सहित अन्य विकास कार्य भी होना है.
