सतना : जिले के कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत डगडिहा गांव में सेमरावल नदी ममें नहाने के लिए उतरा एक बालक पानी की तेज धार में बह गया. उसकी खोजबीन के लिए एसडीआरएएफ की टीम ने बोट के जरिए घंटो कड़ी मशक्कत की. लेकिन रविवार की शाम अंधेरा हो जाने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार डगडिहा निवासी 12 वर्षीय बालक राजेंद्र सिंह पिता सुरेंद्र सिंह रविवार की सुबह अपने दो दोस्तों के साथ निकट स्थित सेमरावल नदी में नहाने के लिए गया था.
बताया गया कि नदी में उतरने के बाद नहाने के दौरान राजेंद्र अचानक पानी की तेज धार में पहुंच गया. जिसके चलते वह पानी में डूबने लगा. जिसे देखते हुए उसके साथ मौजूद बालकों ने शोर मचाया. लेकिन जब तक लोग वहां पर पहुंच पाते तब तक बालक पानी में लापता हो चुका था. इस घटना की जानकारी मिलते ही लापता बालक के परिजनों के बीच कोहराम मच गया. आनन-फानन में स्थानीय लोगों द्वारा बालक की तलाश शुरु कर गई.
लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा एसडीआरएएफ की टीम को मौके पर बुला लिया गया. एसडीआरएएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोपहर लगभग 12 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु किया. बोट के जरिए टीम ने नदी के तेज बहाव के बीच आस पास के सभी संभावित स्थानों पर बालक की तलाश की.
लेकिन शाम के 6 बजने पर अंधेरा होने के कारण एसडीआरएएफ की टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ गया. बताया गया कि सोमवार की सुबह एक बार फिर से एसडीआरएएफ द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु किया जाएगा. ग्रामीणों द्वारा संभावना जताई गई कि पानी की तेज धार के चलते बालक बहकर दूर निकल गया होगा. वहीं बेटे के साथ अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों की सांसें अटकी हुई हैं. उन्हें एक एक पल बिताना भी भारी पड़ रहा है
