
नारायणगंज/मंडला।नेशनल हाईवे 30 पर नारायणगंज के समीप शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। रात लगभग 9:30 बजे बलाई नदी पुल पर गड्ढा बचाने के चक्कर में एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गया और आधा पुल के बाहर लटक गया। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। ड्राइवर की भी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि ट्रक का हिस्सा हवा में लटक गया (लोड माल) नीचे गिरने से बचा। पुल पर आवागमन ठप्प है । घटना के बाद भी देर रात तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
गांववासियों ने बताया कि बलाई नदी पुल पर लंबे समय से गड्ढे बने हुए हैं, जिन पर विभाग ध्यान नहीं दे रहा। आए दिन वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार मौन हैं। हादसे के बाद लोग सड़क पर इकट्ठे हुए और प्रशासन को जमकर कोसा।
नाराज़गी में जनता
ग्रामीणों ने कहा कि एनएच-30 जैसे राष्ट्रीय राजमार्ग पर इतनी बड़ी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। गड्ढे मौत का जाल बन चुके हैं। अगर सड़क और पुल की समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो कभी भी बड़ा जनहानि वाला हादसा हो सकता है।
