केन्या 06 सितंबर (वार्ता) सोमालिया की सीमा के पास पूर्वी केन्या के गरिसा काउंटी में सुरक्षा दल पर अल-शबाब आतंकवादियों के हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
केन्या की पुलिस के मुताबिक आज शाम स्थानीय समयानुसार करीब छह बजे हागाडेरा-बियामाथोबे मार्ग पर सुरक्षा दलों पर घात लगाकर हमला किया गया था।हताहतों में राष्ट्रीय पुलिस रिजर्व और मा’विस्ले नामक स्थानीय सशस्त्र समूह के लोग शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि आतंकवाद-रोधी पुलिस हमले की घटना की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि मा’विस्ले एक सरकार समर्थक सशस्त्र समूह है, जो उत्तर-पूर्वी केन्या और सोमालिया के कुछ हिस्सों में अल-शबाब आतंकवादियों द्वारा किए गए आतंकवादी हमलों को विफल करने में सुरक्षा बलों की मदद करती है। अल-शबाब आतंकवादी अक्सर सोमालिया से सीमा पार कर केन्या में हमले करते रहते हैं, जिसके कारण केन्या को इस क्षेत्र में भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात करना पड़ा है।
