
रीवा।रीवा में एक युवक का गैंगस्टर स्टाइल में पिस्टल के साथ स्टंट करते हुए वीडियो वायरल हो गया है. वीडियो में युवक एक जीप के बोनट पर बैठकर खुलेआम पिस्टल लहराते नजर आ रहा है. यह वीडियो फिल्म ‘शूटआउट एट वडाला‘ से प्रेरित लगता है, जिसमें युवक न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करता दिखा, बल्कि हथियार लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश भी की.
वीडियो को शैलू बिछिया नाम की इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किया गया है. वीडियो में युवक दिनदहाड़े सडक़ पर हथियार लहराता दिखाई देता है. शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि युवक के पास जो पिस्टल है, वह संभवत: अवैध हो सकती है. हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है और युवक से इस बारे में पूछताछ किया जाना बाकी है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस लगातार असामाजिक तत्वों पर सख्ती और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई का दावा कर रही है, लेकिन ऐसे वीडियो सामने आने से कानून व्यवस्था और पुलिस की निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं. खुलेआम पिस्टल लहराना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सामाजिक माहौल को बिगाडऩे की कोशिश भी. बिछिया थाना पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने बताया कि युवक की पहचान के लिए इंस्टाग्राम आईडी और मुखबिरों की मदद ली जा रही है. जल्द ही युवक को चिह्नित कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
