
गुना। शहर में इंदौर के गैंगस्टर सलमान लाला के पोस्टर लगाने को लेकर विवाद बढ़ गया। श्रीराम कॉलोनी से बस स्टैंड तक लगे पोस्टरों की तस्वीर खींच रहे अभिषेक नामक युवक पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। उसे ग्रीन होटल ले जाकर करीब 8-10 हमलावरों ने ईंटों से वार किया और सोने की चैन, बाली व पर्स लूट लिया। घटना के विरोध में हिंदूवादी संगठन बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं, सोशल मीडिया पर भी सलमान लाला के समर्थन में पोस्ट करने वालों पर साइबर टीम निगरानी रख रही है।
