
सागर।मध्य प्रदेश के सागर जिले कै सानौधा थाना अंतर्गत गिरवर रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे लाइन से एक नाबालिग युवती का शव बरामद किया गया है तो वहीं कुछ दूरी से ही गंभीर रुप से घायल युवक को सागर से भोपाल उपचार के लिए रैफर कर दिया गया है.
थाना प्रभारी सानौधा भरत सिंह ठाकुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शुक्रवार को सूचना मिली थी कि गिरवर रेलवे स्टेशन के समीप एक युवती का शव पड़ा है. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर नाबालिग युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया. तो वहीं रेलवे ट्रैक की सर्चिंग कराई. इसी दौरान लडक़ी के शव से लगभग 100 मीटर दूरी पर ही एक युवक अत्यंत गंभीर अवस्था में पाया गया जिसकी सांसे चल रही थी, स्थिति बहुत नाजुक थी, थाना प्रभारी सानोधा ने एफआरवी 112 से सागर जिला चिकित्सालय रवाना किया जहां से घायल युवक बीएमसी और बीएमसी से युवक को भोपाल रैफर कर दिया गया है. युवक की पहचान जगदीश पिता गजराज लोधी उम्र 21 वर्ष निवासी देवलपानी रहली के रुप में की गई है जिसके सर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आयी हैं. जो कि बोलने की स्थिति में नहीं था जिसके कारण डॉक्टरों को बयान भी नही दे सका। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग का मामला समझ मे आ रहा है। मृत लड़की का परिवार भी रहली के देवलपानी का बताया गया है जो कि बोधापिपरिया रहने लगे थे।
