गंगटोक, 5 सितंबर (वार्ता) सिक्किम में पासंग ग्याली शेरपा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सिक्किम प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया है।
श्री शेरपा ने पार्टी के कामकाज और नेतृत्व का हमेशा अनिर्णय की अवस्था में रहने का हवाला देते हुए सिक्किम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को अपना त्यागपत्र सौंपा है।
उन्होंने अपने त्यागपत्र में कहा है कि वह भारी मन लेकिन दृढ़ विश्वास के साथ पद छोड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह निष्ठा की भावना के साथ पार्टी में शामिल हुए थे और सिक्किम में भाजपा को मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से काम किया, लेकिन राज्य नेतृत्व के ढ़ुलमुल रवैये के कारण प्रवक्ता के रूप में उनकी भूमिका जारी रखना असंभव हो गया था।
श्री शेरपा इससे पहले 2024 का विधानसभा चुनाव तुमिन-लिंगी निर्वाचन क्षेत्र से लड़ा था और सेवा एवं संपर्क अभियान जैसे पार्टी कार्यक्रमों में भी सक्रिय रूप से शामिल रहे थे।
उन्होंने एक प्रवक्ता के रूप में मीडिया में स्थानीय और राष्ट्रीय दोनों ही मुद्दों पर पार्टी के रुख का नियमित रूप से बचाव किया।
श्री शेरपा ने अपने पत्र में बताया कि पार्टी नेतृत्व से मिल रहे मिश्रित और विरोधाभासी संकेतों के कारण उनका काम लगातार मुश्किल होता जा रहा था।उनका कहना है कि स्पष्टता की कमी से न केवल पार्टी कार्यकर्ता भ्रमित हुए हैं बल्कि जनता को भी गुमराह किया गया है, जिससे राज्य में भाजपा की विश्वसनीयता कमजोर हुई है।
श्री शेरपा ने अपने इस्तीफे को लेकर दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से भी अपील की है। उन्होंने पूर्वोत्तर प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव सहित केंद्रीय नेताओं से सिक्किम इकाई की स्थिति की तत्काल समीक्षा करने और स्पष्ट दिशा-निर्देश देने का आग्रह किया।
