टक्कर मारकर भाग रही कार रोक रहे दो युवकों को रौंदा, एक की मौत

इंदौर: राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार चालक ने पहले कुछ लोगों को टक्कर मारी और फिर भागने के दौरान उसे रोकने की कोशिश कर रहे दो युवकों को टक्कर मार दी. इसमें सुखनिवास निवासी 32 वर्षीय प्रवीण भाटी की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल का अस्पताल में इलाज जारी है, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया.

घटना सुबह करीब 10.30 बजे केट चौराहे पर परमाणु नगर के सामने हुई. बताया जा रहा है कि कार चालक पहले ही कुछ लोगों को टक्कर मार चुका था और इसके बाद तेज रफ्तार में वहां से भाग रहा था. इसी दौरान प्रवीण भाटी पिता महेश और उनके साथी ने कार को रोकने का प्रयास किया. दोनों को सामने देखकर चालक ने कार रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और उन्हें टक्कर मारते हुए निकल गया.

टक्कर इतनी तेज थी कि प्रवीण भाटी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई. उनका साथी भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका उपचार जारी है.घटना की सूचना मिलने पर राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने प्रवीण के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया. मामले में मर्ग कायम कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार और उसके नंबर की पहचान की जा सके.

Next Post

महिला को धमकाने और परेशान करने वाला कुख्यात बदमाश गिरफ्तार

Sat Oct 31 , 2026
इंदौर: खजराना पुलिस ने एक महिला को परेशान करने के मामले में एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 40 से ज्यादा अपराध दर्ज है. आरोपी एक महिला को साथ रहने के लिए लगातार धमका रहा था. जब पुलिस उसे पकड़ने गई […]

You May Like