इंदौर: खजराना पुलिस ने एक महिला को परेशान करने के मामले में एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 40 से ज्यादा अपराध दर्ज है. आरोपी एक महिला को साथ रहने के लिए लगातार धमका रहा था. जब पुलिस उसे पकड़ने गई तो उसने बचने के लिए दौड़ लगा दी और ब्रिज से कूद गया, जिससे उसके हाथ पैर में चोट आई.
शनिवार 24 अक्टूबर को पीड़िता ने खजराना थाने पहुंचकर शिकायत की थी कि खजराना थाना क्षेत्र में रहने वाला एहसान उर्फ सुरीला उर्फ भैय्यू उसे लगातार धमका रहा है और साथ रहने के लिए परेशान कर रहा है. शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी केपी यादव ने एक विशेष टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए.
पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर उनसे आरोपी की जानकारी निकलवाई. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कार्रवाई की, पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और ब्रिज से कूद गया. इस दौरान उसके हाथ-पैर में चोट आई. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में इलाज करवाया फिर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.मामले में एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि महिला को धमकाने और परेशान करने की शिकायत पर खजराना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है, उसके खिलाफ शहर भर के विभिन्न थानों में पहले से 40 आपराधिक मामले दर्ज हैं. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है
