
अनूपपुर । नेशनल हाईवे 43 पर स्थित वन परिक्षेत्र कार्यालय कोतमा के सामने उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गिट्टी से लदे एक चलते हाइवा ट्रक सी जी 31 ए 9917 में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि घंटों की मशक्कत के बाद जब तक उस पर काबू पाया गया, तब तक ट्रक लगभग 90% जलकर खाक हो चुका था। मौके पर अब सिर्फ लोहे का ढांचा ही शेष बचा है।
बाइक सवार की सूझबूझ से बची चालक की जान
प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट नंद किशोर कुशवाहा और वन परिक्षेत्र कोतमा के वनकर्मी मनोज चौधरी ने बताया कि हाइवा अनूपपुर की ओर से गिट्टी लोड करके कोतमा की तरफ आ रहा था। इसी दौरान हाईवे पर चल रहे एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने हाइवा के पिछले टायर से आग की लपटें निकलतीं देखीं। बाइक सवार ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत हाइवा को ओवरटेक किया और हाथ देकर चालक को गाड़ी रोकने का इशारा किया। चालक ने बिना देर किए ट्रक को सड़क के किनारे लगाया और नीचे उतरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
आग बुझाने के प्रयास रहे नाकाम, दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू
ट्रक रुकते ही वनकर्मी मनोज चौधरी और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें तेजी से बढ़ती चली गईं। स्थिति बेकाबू होते देख तुरंत ‘112’ और नगर पालिका कोतमा को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नपा कोतमा की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि पहली बार में उस पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी दोबारा पानी लोड कर लौटी। साथ ही नगर पालिका पसान की फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों दमकल गाड़ियों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
लाखों का नुकसान, ट्रक हुआ खाक
कड़ी मशक्कत के बाद आग तो बुझा ली गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक का करीब 90 फीसदी हिस्सा पूरी तरह जल चुका है। इस घटना में किसी जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन वाहन मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
