
अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में शुक्रवार को पैगंबर मोहम्मद साहब की याद में ईद-ए-मिलाद उन-नबी का पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिलेभर की मस्जिदों में विशेष नमाज अता की गई और घर-घर मिठाइयां बांटी गईं। अनूपपुर मुख्यालय से लेकर कोतमा और जैतहरी तक जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाले गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पैगंबर मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को अपनाने का संदेश दिया।
कोतमा में सामाजिक लोगों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता ने कौमी एकता की मिसाल पेश की, वहीं जैतहरी में गरीबों और जरूरतमंदों की मदद कर नेक कार्य किए गए। मस्जिदों व घरों को फूलों और झालरों से सजाया गया तथा कुरआनखानी और मिलाद शरीफ का आयोजन हुआ।
ईद-ए-मिलाद उन-नबी को इस्लाम धर्मावलंबी पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के रूप में मनाते हैं। यह पर्व प्रेम, शांति, एकता और आध्यात्मिक जागरूकता का प्रतीक माना जाता है।
