
छतरपुर। ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए हैं। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने पुलिस लाइन में आयोजित ब्रीफिंग में अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और उन्हें ड्यूटी के लिए रवाना किया।
एसपी जैन ने कहा कि पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भीड़-भाड़ वाले इलाकों, जुलूस मार्गों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो, इस पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने जवानों से संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने की अपील करते हुए गश्त बढ़ाने, चेकिंग प्वाइंट्स सक्रिय रखने और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए। ब्रीफिंग के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
