
छतरपुर। एसपी अगम जैन के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे “न्याय पथ अभियान” के तहत फरार अपराधियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है। अब तक 431 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें कई वर्षों से फरार और इनामी बदमाश भी शामिल हैं।
थाना हरपालपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 26 साल पुराने अवैध हथियार प्रकरण के स्थायी वारंटी मुन्ना लोधी को पकड़ा है। मुन्ना लोधी पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित था और वह हत्या के प्रयास, गुंडा एक्ट, एनडीपीएस, अवैध हथियार और एससी-एसटी एक्ट जैसे 15 से ज्यादा अपराधों में लिप्त रहा है।
अभियान के दौरान पुलिस ने अब तक हत्या के प्रयास, डकैती, अपहरण, दुष्कर्म, चोरी, धोखाधड़ी और अवैध हथियार जैसे 25 साल पुराने मामलों में फरार आरोपियों को पकड़ा है। इनमें 5 लाख रुपये से अधिक इनामी अपराधी भी शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मकसद न्यायालय में लंबित अपराधों का शीघ्र निपटारा करना और जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करना है।
