इंदौर: बेटमा की 24 वर्षीय युवती ने पुराने परिचित फैजल पिता स्व. फारुख खान पर बहाने से बाइक पर बैठाकर इंदौर लाने और होटल में उसकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है. युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसके अश्लील फोटो खींच लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर बाद में भी कई बार अलग-अलग होटलों में ले जाकर उसका शारीरिक शोषण किया. बेटमा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
युवती फैजल को स्कूल के समय से जानती थी, करीब एक-दो साल पहले वह इंदौर कॉलेज जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी, तभी फैजल बाइक से आया और उसे इंदौर छोड़ने की बात कही. परिचित होने के कारण युवती उसके साथ बैठ गई. आरोप है कि छोटे बेटमा के आगे फैजल ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसके बाद उसे चक्कर आने लगे. युवती के घर छोड़ने का कहने के बावजूद आरोपी उसे इंदौर ले गया. युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे एक होटल में लेकर गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाए और अश्लील फोटो खींचे.
केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की
शिकायत के अनुसार इसके बाद फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया और कई बार अलग-अलग होटलों में ले जाकर शारीरिक शोषण किया. एफआईआर में आखिरी घटना 1 अगस्त 2026 की बताई गई है. एफआईआर में यह भी दर्ज है कि 16 अगस्त को युवती ने उसके बड़े पापा के लड़के रजत मोदी को घटना की जानकारी दी. इसके बाद युवती अपने भाई के साथ बेटमा थाने पहुंची और कार्रवाई के लिए रिपोर्ट की. रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान मानसिंह राजावत सहित विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, हिंदू जागरण मंच और भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे. पुलिस ने आरोपी फैजल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
