सतना : जिले के कोठी क्षेत्र में 500 रु प्रति बोरी की दर से उर्वरक बेचे जाने का मामला अभी सुर्खियां बटोर ही रहा था कि बुधवार को खाद की कालाबाजारी को लेकर रामपुर बघेलान में किसानों ने हंगामा कर दिया. किसानों के आरोप के मद्देनजर राजस्व व पुलिस अमले द्वारा जांच की जा रही है.बुधवार की दोपहर होते ही रामपुर बघेलान बस स्टैण्ड के निकट सैकड़ों की संख्या में किसान एकत्रित हो गए.
. एकत्रित किसानों ने देखते ही देखते वहां पर स्थित दीपक एग्रीकल्चर नामक प्रतिष्ठान को घेर लिया. एकत्रित किसानों ने आक्रोशित होते हुए बताया कि उक्त प्रतिष्ठान के संचालक द्वारा काफी मात्रा में उर्वरक की कालाबाजारी की जा रही है. किसानों ने आगे कहा कि प्रतिष्ठान संचालक ने रातों-रात उर्वरक का खासा स्टॉक ब्लैक में निकाल दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभाी संदीप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और किसानों से चर्चा कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया.
इसी कड़ी में कुछ देर बाद ही एसडीएम आर एन खरे, तहसीलदार सुजीत नागेश, नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह और पटवारी भी मौके पर पहुंच गए. प्रशासनिक अधिकारियों के सामने भी किसानों ने प्रतिष्ठान संचालक द्वारा बड़े पैमाने पर खाद की कालाबाजारी किए जाने के आरोप दोहराए. जिसे देखते हुए एसडीएम ने किसानों का आश्वास्त किया कि उनके सभी आरोपों की बारीकी से छानबीन की जाएगी. उर्वरक की कालाबाजारी में जो भी लिप्त मिलेगा उसे बक्सा नहीं जाएगा. गौरतलब है कि मंगलवार को एक वीडियो वाइरल हुआ था. जिसमें कोठी क्षेत्र के एक दुकानदार द्वारा 266 रु की खाद को 500 रु में बेचने की बात कही जा रही थी. इसी कड़ी में यह आरोप भी सामने आए कि उर्वरक की कालाबाजारी करने वालों के पास शासकीय गोदामों से खाद की बोरियां पहुंच रही हैं.
