महिला विश्व कप की रिकॉर्ड पुरस्कार राशि देखकर दिग्गज खिलाड़ी हतप्रभ

दुबई, 02 सितंबर (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के लिए पुरस्कार राशि में भारी वृद्धि की घोषणा की है। यह विश्व कप इस महीने के अंत में भारत और श्रीलंका में आयोजित होने वाला है।

इस प्रतिष्ठित आयोजन की कुल पुरस्कार राशि बढ़कर 13.88 मिलियन अमेरिकी डॉलर हो गई है, जो 2022 में न्यूजीलैंड में आयोजित पिछले संस्करण की तुलना में 297 प्रतिशत की भारी वृद्धि है। इसके साथ ही, कुल पुरस्कार राशि पुरुषों के विश्व कप से भी अधिक हो गई है, जिसकी पुरस्कार राशि 2023 में 10 मिलियन अमेरिकी डॉलर थी।

पूर्व भारतीय दिग्गज झूलन गोस्वामी आईसीसी हिंदी इंस्टाग्राम चैनल पर अपनी पहली उपस्थिति के दौरान द आईसीसी रिव्यू पर इस घोषणा से बेहद खुश थीं, जहां वह टूर्नामेंट से पहले नियमित रूप से दिखाई देंगी।

गोस्वामी ने इस ऐतिहासिक घोषणा पर कहा, “मेरे रोंगटे खड़े हो रहे हैं। बढ़ी हुई पुरस्कार राशि] बहुत अच्छी बात है।”

मैं अपनी तरफ़ से आईसीसी का शुक्रिया अदा करना चाहूंगी। जिस तरह से उन्होंने इस बारे में सोचा है, मुझे लगता है कि इससे महिला क्रिकेट को जरूर काफी बढ़ावा मिलेगा। और नवोदित महिला क्रिकेटरों के माता-पिता के लिए भी। यह एक आश्वासन है कि इस खेल को पेशेवर रूप से खेला जा सकता है और आगे बढ़ाया जा सकता है। इसलिए, मुझे लगता है कि यह महिला क्रिकेट के लिए बहुत अच्छी खबर है और मुझे लगता है कि इससे सभी खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।”

टूर्नामेंट की विजेता टीम को 4.48 मिलियन अमेरिकी डॉलर मिलेंगे, जबकि उपविजेता टीम को 2.24 मिलियन अमेरिकी डॉलर मिलेंगे। दोनों ही राशियों में 2022 संस्करण की तुलना में 200 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि देखी गई है।

दोनों हारने वाली सेमीफाइनलिस्ट टीमों को 1.12 मिलियन अमेरिकी डॉलर मिलेंगे, जबकि ग्रुप-स्टेज में भाग लेने वाली प्रत्येक टीम को 250,000 अमेरिकी डॉलर की गारंटी दी गई है।

पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 700,000 अमेरिकी डॉलर मिलेंगे, और सातवें और आठवें स्थान पर रहने वाली टीमों को 280,000 अमेरिकी डॉलर मिलेंगे। इसके अलावा, ग्रुप-स्टेज में प्रत्येक जीत पर विजेता टीम को 34,414 अमेरिकी डॉलर मिलेंगे।

यह आईसीसी द्वारा महिला क्रिकेट के विकास को बढ़ावा देने और पुरुषों के खेल के साथ वेतन समानता स्थापित करने के आईसीसी के अभियान में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

यह टूर्नामेंट 30 सितंबर को गुवाहाटी में भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबले के साथ शुरू होगा। दो सेमीफाइनल 29 और 30 अक्टूबर को होंगे, जबकि फाइनल 2 नवंबर को खेला जाएगा।

Next Post

जनसुनवाई: ऑपरेशन में आंत काटने का आरोप, जिंदगी और मौत से जूझ रही महिला

Tue Sep 2 , 2025
पिपलियामण्डी। मंदसौर जिले में चिकित्सकीय लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। निजी त्रिशिका नर्सिंग होम की संचालक डॉ. रीना नागर पर आरोप है कि सीजेरियन ऑपरेशन के दौरान एक महिला की आंत कट गई, जिससे उसकी हालत नाजुक हो गई है। ग्राम लिम्बावास निवासी अजय बंजारा ने बताया […]

You May Like