भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस ने फसल बीमा योजना को किसानों की लूट और भाजपा सरकार का सबसे बड़ा घोटाला बताया है। कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने कहा कि किसानों से अरबों रुपए का प्रीमियम वसूलने के बावजूद मुआवजा नाममात्र का दिया गया। आधिकारिक आँकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में किसानों से 2743 करोड़ रुपए प्रीमियम लिया गया, लेकिन एक रुपया भी नहीं मिला।
वर्ष 2023 में 2751 करोड़ वसूले गए जबकि किसानों को केवल 775 करोड़ लौटे। इसी तरह 2022 में 3827 करोड़ प्रीमियम से किसानों को मात्र 1042 करोड़ और 2021 में 6700 करोड़ से केवल 2801 करोड़ दिए गए। कांग्रेस ने मांग की है कि घोटाले की उच्च स्तरीय जांच हो, किसानों को वास्तविक फसल हानि का मूल्य दिलाया जाए और बीमा कंपनियों को पूरा मुआवजा देने पर मजबूर किया जाए। कांग्रेस ने कहा भाजपा राज में किसान बदहाल और कंपनियाँ मालामाल हैं।
