चेन्नई, 01 सितंबर (वार्ता) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने यूरोपीय दौरे के अपने पहले चरण में सोमवार को तीन जर्मन कंपनियों के साथ 3201 करोड़ रुपये के निवेश समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किये। इन दिनों वह राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिये विदेश यात्रा पर हैं।
इसके अलावा श्री स्टालिन ने प्रमुख कार निर्माता कंपनी बीएमडब्ल्यू की एक उच्च स्तरीय टीम के साथ परिचालन विस्तार बातचीत की। श्री स्टालिन कोलोन में अपने कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद जर्मनी की अपनी यात्रा के दूसरे दिन डुसेलडोर्फ पहुंचे, जहां उन्होंने तमिल प्रवासी समुदाय को संबोधित किया और उनसे राज्य में अपने व्यावसायिक उद्यम शुरू करने का आग्रह किया।
उन्होंने बहुराष्ट्रीय कंपनियों में काम कर रहे पेशेवरों से तमिलनाडु में अपनी इकाई स्थापित करने के लिए सिफारिश करने की अपील की। यहां एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि नॉर ब्रेम्स के साथ समझौता ज्ञापन के तहत, कंपनी अत्याधुनिक रेलवे दरवाजे और ब्रेक बनाने के लिए कांचीपुरम जिले और चेन्नई में इकाई स्थापित करने के लिए 2000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। पवन चक्कियों के निर्माण में विश्व स्तर पर प्रशंसित नॉर्डेक्स समूह तिरुवल्लूर में 1000 करोड़ रुपये के निवेश से अपनी इकाई का विस्तार करेगा, जिससे 2500 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे
श्री स्टालिन ने बाद में, चेंगलपट्टू जिले में इलेक्ट्रिक वाहन प्रभाग के विस्तार को लेकर बीएमडब्ल्यू के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा की। जर्मनी में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद, श्री स्टालिन कल ब्रिटेन पहुंचेंगे।
