इंदौर:एरोड्रम थाना क्षेत्र के रूपनगर इलाके में देर रात पुराने विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए. पहले गाली-गलौज हुई और फिर बात इतनी बढ़ी कि एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में युवक लहूलुहान हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया है.दुर्गानगर निवासी त्रिलोक पिता जीवनसिंह की रिपोर्ट पर आरोपी वरुण उर्फ डमरू मराठा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
फरियादी का कहना है कि वह रूपनगर चौराहा, बांगड़दा रोड पर खड़ा था, तभी वरुण वहां पहुंचा और पुराने मामले में रिपोर्ट लिखाने को लेकर विवाद करने लगा. विरोध करने पर आरोपी ने चाकू से सीने पर दो वार कर दिए. इधर, दूसरे पक्ष ने भी पलटवार करते हुए शिकायत दर्ज कराई है.
विद्या पैलेस निवासी वरुण पंवार ने थाने में बताया कि वह सामान लेने के लिए रूपनगर चौराहा पहुंचा था, जहां त्रिलोक और बंटी चौहान ने उसे गालियां दीं और लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया. पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अलग-अलग केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
