घरेलू गैस की किल्लत नहीं होने देंगे: खन्ना

इटावा, 12 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि ईरान-इजरायल युद्ध से उत्पन्न परिस्थितियों पर सरकार की नजर है और घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की किसी भी तरह की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। भाजपा सदर विधायक सरिता भदौरिया के पुत्र रोहित के विवाह समारोह में शामिल होने इटावा पहुंचे श्री खन्ना ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि युद्ध के कारण कुछ परिस्थितियां बनी हैं, लेकिन सरकार स्थिति से प्रभावी तरीके से निपट रही है और प्रयास है कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई गैस या अन्य आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के दौरान कानून व्यवस्था बेहतर हुई है और विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं। बेहतर नीतियों और कानून व्यवस्था के कारण विदेशी निवेशक भी उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं।

पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी चर्चा की और जानकारी ली कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए कितने आवेदन प्राप्त हुए हैं तथा कितने नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे, इसके लिए सक्रिय रहकर सहयोग करें।

पंचायत चुनाव के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव अवश्य कराए जाएंगे, हालांकि चुनाव की समयसीमा को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की। इस दौरान जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, जिला महामंत्री प्रशांत राव चौबे, शिवाकांत चौधरी, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, प्रेमदास कठेरिया और मीडिया प्रभारी रोहित शाक्य सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

 

Next Post

सरकार एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करने की संभावनाओं पर ध्यान दे : राहुल

Thu Mar 12 , 2026
नयी दिल्ली, 12 मार्च (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि देश में रसोई गैस और तेल की किल्लत का यह शुरुआती दौर है और बदले माहौल में सरकार को ऊर्जा उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदर उठाने चाहिए। […]

You May Like

Play sound