भैरूंदा। 13 किलोमीटर दूर बडऩगर रोड़ पर हालात अब ऐसे हैं कि यह सड़क नहीं, बल्कि चांद की सतह लगने लगी है. जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल है. ताजा फोटो में साफ दिख रहा है कि बस और ट्रक गहरे गड्ढों में फंस गए. जिससे यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी. मगर जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं.
तहसील मुख्यालय से बडऩगर जाने वाला मार्ग पूरी तरह खस्ताहाल हो गया है. आलम यह है कि सड़क से गुजरते वाहन खतरनाक हिचकोले लेते हैं. कई बार तो वाहन पलटने का भी डर बना रहता है. रविवार को भी जर्जर सड़क के गहरे गड्डे में एक बस का पहिया उतर गया. तुरंत सवारियों को उतारकर बस को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया. ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे के इंतजार में है तभी इस खतरनाक मार्ग का जीर्णोद्वार नहीं किया जा रहा है.
