दुनिया भर में भारतीय संस्कृति का प्रभाव : मोदी

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति का प्रभाव देखने को मिल रहा है।

श्री मोदी ने आकाशवाणी पर प्रसारित मासिक ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा,“आप दुनिया के किसी भी कोने में चले जायें, वहां आपको भारतीय संस्कृति का प्रभाव देखने को जरूर मिलेगा और यह प्रभाव केवल दुनिया के बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे छोटे-छोटे शहरों में भी देखा जा सकता है।”

उन्होंने कहा कि इटली के एक छोटे से शहर कैम्प-रोतोंदो में ऐसा ही देखने को मिला है। यहां महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। इस कार्यक्रम में वहां के स्थानीय महापौर सहित क्षेत्र के अनेक अहम व्यक्ति भी शामिल हुये। उन्होंने कहा कि कैम्प-रोतोंदो में रहने वाले भारतीय मूल के लोग महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा लगने से बहुत खुश हैं। महर्षि वाल्मीकि के संदेश हम सभी को बहुत प्रेरित करते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस महीने की शुरुआत में कनाडा के मिसीसागा में प्रभु श्री राम की 51 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस आयोजन को लेकर लोगों में बहुत उत्साह था। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमा के वीडियो खूब साझा किये गये।

उन्होंने कहा कि रामायण और भारतीय संस्कृति के प्रति यह प्रेम अब दुनिया के हर कोने में पहुंच रहा है। रूस में एक मशहूर स्थान है, व्लादिवोस्तोेेक ,बहुत से लोग इसे ऐसी जगह के रूप में जानते हैं, जहां सर्दियों में तापमान शून्य से 20 से 30 डिग्री सेल्सियस नीचे तक गिर जाता है। उन्होंने कहा कि इस महीने व्लादिवोस्तोेेक में एक अनूठी प्रदर्शनी लगी, जिसमें रूस के बच्चों ने रामायण के अलग-अलग विषयों पर बनायी गयीं पेंटिंग को भी प्रदर्शित किया। यहां पर एक प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ।

श्री मोदी ने कहा कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में भारतीय संस्कृति के प्रति बढ़ती जागरुकता देखकर वाकई बहुत प्रसन्नता होती है।

 

 

 

Next Post

मुड़वारा स्टेशन पर मानव तस्करी का भंडाफोड़: 5 नाबालिग बच्चे मुक्त

Sun Aug 31 , 2025
कटनी। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जो बलिया (उत्तरप्रदेश) से पांच नाबालिग बच्चों को मुंबई ले जा रहा था। कार्रवाई ऐसे हुई चेकिंग अभियान के दौरान […]

You May Like