कटनी: नगर निगम सीमाक्षेत्र के गायत्री नगर और मित्र विहार कॉलोनी में रहने वाले लोग इन दिनों नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। क्षेत्र के रहवासियों ने सड़क और नाली निर्माण की लगातार मांग उठाई है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।वार्ड क्रमांक 22 की रहवासी बबीता सिंह ने निगम आयुक्त को पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराई है कि उनके मकान के सामने सड़क पर झाड़ियाँ उग आई हैं, जिनसे आवागमन बाधित हो रहा है और गंदगी फैल रही है। बरसात के दिनों में झाड़ियों और जलभराव के कारण सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीव-जंतु पनप रहे हैं, जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं।
इसी तरह मित्र विहार कॉलोनी, अम्बेडकर वार्ड के रहवासियों ने भी नाली निर्माण और गंदे पानी की निकासी की मांग उठाई है। यहाँ तक कि विधायक संदीप जायसवाल ने भी 27 जून 2023 को नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर अवगत कराया था कि कॉलोनी में नालियों के अभाव के कारण गंदा पानी लगभग 200 मीटर तक सड़कों पर फैल रहा है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है।
रहवासियों ने बताया कि खाली प्लॉटों में बरसाती पानी जमा हो जाता है और कई दिनों तक नहीं निकलता, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। पूरे क्षेत्र में डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।लोगों ने निगम प्रशासन से गुहार लगाई है कि तुरंत नालियों का निर्माण कर जल निकासी की व्यवस्था की जाए, झाड़ियों को हटाया जाए और सड़कों को दुरुस्त किया जाए। अन्यथा क्षेत्र के लोगों का जीवन यूँ ही नारकीय बना रहेगा।
